पूजा-पाठ से नहीं दूर हुई परेशानी तो तांत्रिक की कर दी हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में तांत्रिक अनीश उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अनीश उपाध्याय को पूजा-पाठ कराने के बहाने बुलाया और कंचनपुर, मंडुवाडीह स्थित किराए के मकान में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में थाना लालपुर-पांडेयपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनके परिवार में गरीबी और बीमारी की समस्या चल रही थी। ऊपरी साया होने के शक में उन्होंने तांत्रिक अनीश उपाध्याय से पूजा-पाठ कराया था। इसके बाद भी परिवार की समस्याएं बढ़ने पर उन्होंने उसकी हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों के कथित बयान के अनुसार, विकास गौड़ की तबीयत खराब होने के बाद उसका कानपुर में इलाज कराया गया था। इसी दौरान सोनू, विकास और विशाल ने अपने मामा के लड़कों अभिषेक कश्यप उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप के साथ मिलकर अनीश उपाध्याय की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद साहिल गौड़ के ऊपर साया होने का बहाना बनाकर अनीश को बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, कंचनपुर मंडुवाडीह स्थित किराए के मकान में अनीश उपाध्याय की कथित तौर पर लकड़ी के स्टूल, गैस सिलेंडर और लोहे की रॉड से हत्या की गई। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि हत्या के दौरान मृतक के चिल्लाने की आवाज बाहर न जाए, इसके लिए म्यूजिक सिस्टम पर गाना चलाया गया था। हत्या के बाद कमरे की दीवार और फर्श पर पड़े खून के छींटों को साफ करने तथा दुर्गंध दूर करने के लिए रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सोनू (36), विशाल (24), विकास कुमार गौड़ (21), साहिल गौड़ (23), अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप (25) और मोहित कश्यप (21) शामिल हैं। इनमें सोनू, विशाल और विकास मूल रूप से मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि साहिल वाराणसी के निराला नगर कॉलोनी का निवासी है। अभिषेक और मोहित कानपुर के मोहानी घाट क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सोनू को 13 अगस्त को दोपहर करीब 1:20 बजे थाना लालपुर-पांडेयपुर परिसर से गिरफ्तार किया गया। विशाल, विकास और साहिल को उसी दिन शाम करीब 3:30 बजे काली माता मंदिर से नई बस्ती जाने वाली सड़क के पास से पकड़ा गया। वहीं अभिषेक और मोहित को 14 अगस्त को रात करीब 2:10 बजे घनश्याम पीजी कॉलेज, पांडेयपुर के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और घटना में इस्तेमाल म्यूजिक सिस्टम बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ थाना लालपुर-पांडेयपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अनीश उपाध्याय की गुमशुदगी 9 जुलाई 2026 को दर्ज कराई गई थी। 13 अगस्त को उनकी पत्नी की ओर से लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने एकराय होकर उनके पति की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
