Movie prime

काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के लिए ‘तत्काल टिकट’ सुविधा शुरू, घर बैठे मिलेगी बुकिंग
 

 
 काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के लिए ‘तत्काल टिकट’ सुविधा शुरू, घर बैठे मिलेगी बुकिंग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब भक्त रेलवे की तर्ज पर मंगला आरती के लिए ‘तत्काल टिकट’ घर बैठे ही बुक कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम को अपडेट कर यह नई सुविधा शुरू कर दी है।

नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु मंगला आरती के लिए आरती से लगभग 17 घंटे पहले टिकट बुक कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग हर दिन सुबह 11 बजे से शुरू होगी। खास बात यह है कि तत्काल टिकट का शुल्क सामान्य टिकट की तरह ही 500 रुपये रखा गया है, इसमें कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

तत्काल टिकट लेने वाले भक्तों के लिए मंदिर में प्रवेश द्वार 4बी निर्धारित किया गया है, जबकि बैठने की व्यवस्था उत्तरी एलईडी क्षेत्र में की गई है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस सुविधा से ब्लैक टिकटिंग, दलाली और जालसाजी पर रोक लगेगी।

मंदिर के एसडीएम शंभू शरण के अनुसार, हर दिन मंगला आरती के लिए करीब 150 टिकट उपलब्ध होते हैं। हालांकि श्रद्धालुओं की भारी मांग के चलते टिकट जल्दी ही फुल हो जाते हैं। बुधवार शाम 7 बजे तक गुरुवार की आरती के लिए केवल 5 टिकट ही बचे थे, जो कुछ ही समय में बुक हो गए। वहीं 15 मई तक के लिए सभी टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं।

मंगला आरती भोर 3 बजे से 4 बजे तक होती है, जबकि मंदिर में प्रवेश आधी रात 2:30 बजे से शुरू हो जाता है। आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को टिकट के साथ वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, मंगला आरती में आने वाले भक्तों की संख्या अब 1000 के पार पहुंच चुकी है, जिससे इस नई व्यवस्था को लागू करना और भी जरूरी हो गया था।