वाराणसी के डीआईओएस को शिक्षक ने दी जान से मारने की धमकी, ऑफिस में घुसकर किया हंगामा, FIR दर्ज
वाराणसी। जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) भोलेन्द्र प्रताप को एक शिक्षक द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गंगापुर इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक ने डीआईओएस कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज की, कर्मचारियों से मारपीट की और गोली मारने की धमकी दी। मामले में कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डीआईओएस भोलेन्द्र प्रताप के अनुसार, 16 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे गंगापुर इंटर कॉलेज, गंगापुर के सहायक अध्यापक रमाशंकर शास्त्री बिना अनुमति उनके कार्यालय कक्ष में पहुंचे। उन्होंने अपने सेवा संबंधी लंबित प्रकरण को लेकर नाराजगी जताई और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
डीआईओएस ने उन्हें बताया कि उनके सेवा संबंधी सभी देयों का भुगतान नियमानुसार किया जा चुका है और कोई भुगतान लंबित नहीं है। साथ ही यह भी बताया कि आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए उनसे कहा गया था, लेकिन उन्होंने अब तक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं।
आरोप है कि समझाने के बावजूद शिक्षक शांत नहीं हुए और डीआईओएस को गोली मारने की धमकी देने लगे। जब कार्यालय कर्मचारियों ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा तो उन्होंने बाहर निकलकर कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस दौरान कार्यालय का सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के निर्देश पर डीआईओएस ने मंगलवार शाम कैंट थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
