टीचर बना लुटेरा: जन सेवा केंद्र पर पिस्टल तानकर मांगे रुपए, लोगों ने दौड़ाकर दबोचा
वाराणसी में एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान होकर जन सेवा केंद्र में पिस्टल के बल पर लूट की कोशिश की। CSC संचालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर असलहे के स्रोत की जांच कर रही है।
वाराणसी : बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने जन सेवा केंद्र में पिस्टल के बल पर लूट की कोशिश की। आरोपी ने सीएससी संचालक को गोली मारने की धमकी देकर कैश मांग लिया, लेकिन संचालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसकी योजना नाकाम हो गई।
घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय गौतम पटेल के रूप में हुई है, जो शिवपुर स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की हरकतें कैद हुई हैं।
दुकान बंद होने से पहले पहुंचा आरोपी, 15 मिनट तक करता रहा रेकी
बड़ागांव के काजीसराय निवासी जावेद अली अपने घर में ही जन सेवा केंद्र संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी बाइक से एक युवक वहां पहुंचा और कैश निकालने की बात करने लगा।
जावेद ने उसे बताया कि दुकान बंद होने वाली है और फिलहाल कैश नहीं दिया जा सकता। इसके बावजूद आरोपी दुकान में करीब 15 मिनट तक रुका रहा। इस दौरान वह कभी मोबाइल पर बात करता तो कभी बाहर निकलकर आसपास का जायजा लेता रहा। जावेद के मुताबिक, मौका मिलते ही आरोपी ने कमर से पिस्टल निकालकर उन पर तान दी। उसने गल्ले में रखे सभी रुपए देने की धमकी दी और विरोध करने पर गोली मारने की बात कही।
कुछ देर के लिए जावेद घबरा गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को बातों में उलझाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि कैश पीछे रखा है और अभी लेकर आते हैं। जैसे ही आरोपी उनकी बातों में फंसा, जावेद पीछे के कमरे में गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे।
भागने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी, लोगों ने कर दी पिटाई
शोर सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी घबराकर बाहर भागने लगा, लेकिन बाइक तक पहुंचने से पहले ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसके हाथ से पिस्टल छीन ली। बाद में उसे कुर्सी पर बैठाकर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में खुलासा- कर्ज और EMI से परेशान था शिक्षक
सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल और बाइक बरामद कर ली। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपी वाराणसी के परमानंदपुर, शिवपुर इलाके का रहने वाला है और एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। जावेद अली की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
13 हजार सैलरी में कैसे भरूं 25 हजार की EMI
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अच्छी नौकरी पाने के लिए किसी व्यक्ति को कर्ज लेकर बड़ी रकम दी थी। उसी कर्ज की हर महीने 25 हजार रुपए की किश्त भरनी पड़ती है, जबकि स्कूल से उसकी मासिक सैलरी केवल 13 हजार रुपए है।
आर्थिक दबाव और बढ़ते कर्ज से परेशान होकर उसने लूट की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली, लेकिन अब तक उसका कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
अब पुलिस तलाश रही असलहे का स्रोत
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास पिस्टल कहां से आई। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात की योजना उसने अकेले बनाई थी या इसके पीछे कोई और भी शामिल है।
