बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे तेज प्रताप यादव, काल भैरव मंदिर में भी किया दर्शन-पूजन
वाराणसी। बिहार से बाबा की नगरी काशी पहुंचे जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष Tej Pratap Yadav ने शनिवार को श्री Kashi Vishwanath Temple में दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। दोपहर में मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधि-विधान से उनका पूजन कराया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
दर्शन-पूजन के बाद तेज प्रताप यादव ने देश और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ Kal Bhairav Temple में भी माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई।
इस अवसर पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी बाबा विश्वनाथ के प्रति गहरी आस्था है और बाबा के आशीर्वाद से समाज में सुख-शांति और सद्भाव बना रहता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर जाकर आशीर्वाद लेना उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
तेज प्रताप यादव की काशी यात्रा को लेकर उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके साथ कई समर्थक भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी यात्रा के दौरान उनका स्वागत किया। राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से उनकी यह यात्रा चर्चा का विषय बनी रही।
