वाराणसी में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पहचान के बाद परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव के जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार जंगल में बबूल के पेड़ पर काले रंग के गमछे के सहारे युवक का शव लटका हुआ देखा गया। खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
शुक्रवार सुबह मृतक की पहचान संदीप पाण्डेय (25) पुत्र राणा प्रताप पाण्डेय, निवासी खरिहानी थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि संदीप बृहस्पतिवार सुबह घर से नाराज होकर करीब एक हजार रुपये लेकर मुंबई कमाने जाने के लिए निकला था। वह अविवाहित था और तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। उसके पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
