Movie prime

गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में, DM ने लिया जायजा, बाकी काम जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। गंजारी में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य का रविवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। धीमी गति से चल रहे काम पर अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

..

निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम का अधिकांश निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब केवल डमरू परियोजना का काम शेष है, जिसे 15 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, वीआईपी/दक्षिण मंडप के साथ पश्चिम और पूर्व मंडप का निर्माण पूरा हो चुका है। मीडिया सेंटर और आंतरिक कार्य भी पूरे कर लिए गए हैं।

स्टेडियम के खेल मैदान में घास लगाने का काम भी पूरा हो चुका है। इसके अलावा बाह्य विकास कार्य 80 फीसदी से अधिक पूरा हो गया है, जिसे सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों से नियमित निगरानी और निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा करने को कहा, ताकि परियोजना समयसीमा के भीतर पूरी हो सके।