DM ने किया बूथों का निरीक्षण, वोटरों से बातचीत कर समझाई SIR फॉर्म भरने की प्रक्रिया
वाराणसी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अधिकारियों ने शहर के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण से लेकर सूची मिलान और मैपिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पार्षद और शिक्षकों से सहयोग का आग्रह
अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्र के पार्षद से गणना प्रपत्रों के वितरण में सहयोग करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर सूचियों के मिलान और मैपिंग कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए एक-एक शिक्षक को नियुक्त किया गया है। 2003 और 2025 की सूची मिलान पर विस्तृत प्रशिक्षण निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों, सुपरवाइजरों और बीएलओ को वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूची के मिलान में क्रम संख्या (Serial Number) और भाग संख्या (Part Number) की महत्त्वपूर्ण भूमिका समझाई। उन्होंने मैपिंग की बारीकियों पर भी विस्तार से जानकारी देकर यह सुनिश्चित किया कि सभी बूथों पर कार्य सुचारु और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए।
मतदाताओं से संवाद और प्रक्रिया की जानकारी
आदर्श बाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूथ पर पहुंचे अधिकारियों ने वहाँ आए मतदाताओं से बातचीत की और उन्हें फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया समझाई। साथ ही यह भी बताया कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान किसी भी त्रुटि को तुरंत ठीक किया जाएगा ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह सटीक हो।
ऑनलाइन फीडिंग कार्य का निरीक्षण
अधिकारियों ने निवेदिता शिक्षा सदन में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के ऑनलाइन फीडिंग कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने डेटा एंट्री की प्रक्रिया, उसकी शुद्धता और गति की सराहना करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी इस मौके पर संबंधित बूथ के ERO, AERO, सुपरवाइजर और BLO उपस्थित रहे और उन्होंने अधिकारियों को कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
