Movie prime

काशी स्टेशन का बदलेगा पूरा नक्शा! 65 साल पुरानी गंगा कॉलोनी हटेगी, 43 फ्लैट और नई सड़क बनेगी

वाराणसी के काशी रेलवे स्टेशन पर चल रहे 350 करोड़ रुपये के मेजर अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट के तहत 65 साल पुरानी गंगा कॉलोनी को हटाया जाएगा। कॉलोनी की जगह सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, 43 नए फ्लैट और जीटी रोड से स्टेशन को जोड़ने वाली यू-शेप सड़क विकसित की जाएगी।
 
काशी स्टेशन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी रेलवे स्टेशन पर चल रहे लगभग 350 करोड़ रुपये के मेजर अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट के तहत बड़ा बदलाव होने जा रहा है। स्टेशन के प्रथम प्रवेश द्वार के पास स्थित करीब 65 वर्ष पुरानी गंगा कॉलोनी को ध्वस्त किया जाएगा। इसके बाद यहां सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, नई पार्किंग, यात्री सुविधाएं और रेलवे कर्मचारियों के लिए 43 फ्लैटों वाली बहुमंजिला इमारत का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही स्टेशन को सीधे जीटी रोड से जोड़ने के लिए यू-शेप सड़क भी बनाई जाएगी।

स्टेशन के प्रवेश द्वार का बढ़ेगा दायरा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गंगा कॉलोनी हटने के बाद काशी स्टेशन के प्रथम प्रवेश द्वार स्थित सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार किया जाएगा। इससे यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और पार्किंग सहित कई नई सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। यह पूरा कार्य काशी रेलवे स्टेशन के मेजर अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसके तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

43 फ्लैटों वाली बनेगी नई बहुमंजिला इमारत

गंगा कॉलोनी में वर्तमान में मौजूद 30 से अधिक रेलवे क्वार्टरों को हटाने के बाद नई जगह पर बहुमंजिला आवासीय भवन बनाया जाएगा। इसमें रेलवे कर्मचारियों के लिए कुल 43 फ्लैट तैयार किए जाएंगे। रेलवे का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्टेशन क्षेत्र को व्यवस्थित रूप से विकसित करना है।

जीटी रोड से सीधे जुड़ेगा काशी स्टेशन

परियोजना के तहत काशी स्टेशन के प्रथम प्रवेश द्वार को जीटी रोड से जोड़ने के लिए यू-शेप सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क और रेलवे नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी। रेल अधिकारियों का मानना है कि नई सड़क बनने के बाद यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा होगी और यातायात दबाव भी कम होगा।

350 करोड़ की परियोजना में विकसित होंगी कई आधुनिक सुविधाएं

काशी रेलवे स्टेशन पर चल रहे मेजर अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट के तहत दोनों प्रवेश द्वारों पर नए स्टेशन भवन विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा दोनों भवनों को जोड़ने के लिए लगभग 100 मीटर चौड़ा एयर कॉनकोर्स बनाया जाएगा। परियोजना में रेल लाइनों और प्लेटफॉर्मों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

भविष्य में ट्रेनों के संचालन की तैयारी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के विकास का उद्देश्य भविष्य में यहां से ट्रेनों का संचालन शुरू करने की दिशा में बुनियादी ढांचा तैयार करना है। वर्तमान में महानगरी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों का यहां संक्षिप्त ठहराव होता है।

मस्जिद को लेकर भी बना हुआ है विवाद

गंगा कॉलोनी क्षेत्र में स्थित गंज शहीदां मस्जिद को लेकर भी विवाद बना हुआ है। अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दावा किया है कि धार्मिक स्थल का रेलवे भूमि से कोई संबंध नहीं है और यह रेलवे के अस्तित्व में आने से पहले से मौजूद है।