15–16 मार्च को श्रृंगेरी मठ में होगा विश्वमांगल्य सभा का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन, निकलेगी भव्य नगर परिक्रमा
वाराणसी। भारतीय संस्कृति के सनातन मूल्यों, मातृशक्ति के जागरण और सामाजिक-सांस्कृतिक पुनर्जागरण के उद्देश्य से कार्यरत विश्वमांगल्य सभा, काशी प्रांत का प्रथम प्रांतीय अधिवेशन 15 एवं 16 मार्च 2026 को काशी स्थित श्रृंगेरी मठ में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वमांगल्य सभा समाज में भारतीय जीवनदृष्टि, संस्कारपरक पारिवारिक व्यवस्था तथा मातृशक्ति के संगठन और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अधिवेशन में काशी प्रांत के विभिन्न जनपदों से आई कार्यकर्ता बहनों और पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी अपेक्षित है।
दो दिवसीय अधिवेशन के प्रथम दिन 15 मार्च को उद्घाटन सत्र के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में मातृशक्ति की भूमिका, सांस्कृतिक जागरण तथा संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
अधिवेशन के दूसरे दिन 16 मार्च को प्रातः शिवाजी नगर पार्क से श्रृंगेरी मठ तक भव्य नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। नगर परिक्रमा में संगठन की कार्यकर्ता बहनों द्वारा भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही लाठी एवं तलवार संचालन का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो नारी शक्ति, साहस और आत्मरक्षा की परंपरा का प्रतीक होगा।
विश्वमांगल्य सभा, काशी प्रांत ने मीडिया प्रतिनिधियों से इस आयोजन को व्यापक रूप से प्रसारित करने का अनुरोध किया है।
पत्रकार वार्ता में विश्वमांगल्य सभा, काशी प्रांत की अध्यक्ष आनन्द प्रभा, संयोजिका मोनिका भारती तथा सचिव किरण शोर्रे ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। इस दौरान संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
