खाने के तेल और घी में मिलावट का खेल? वाराणसी में 40 प्रतिष्ठानों की जांच, नामी ब्रांड्स के सैंपल लैब भेजे गए
वाराणसी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी और खाद्य तेल की दुकानों पर बड़ा अभियान चलाया। 40 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 20 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। कई बड़े ब्रांड के तेल और घी की गुणवत्ता की जांच होगी। अभियान शहर के कई प्रमुख बाजारों में चलाया गया।
वाराणसी: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने घी और खाद्य तेल की बिक्री करने वाले कारोबारियों पर बड़ा अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस अभियान में शहर के अलग-अलग इलाकों में 40 दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान 20 जगहों पर छापेमारी करते हुए विभिन्न ब्रांड के घी और तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए।
कई बड़े ब्रांड जांच के घेरे में
खाद्य विभाग की टीम ने जिन उत्पादों के सैंपल लिए, उनमें कई बड़े और लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। जांच के लिए रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, पामोलिन ऑयल, सरसों तेल और गाय के घी के नमूने लिए गए।
जिन ब्रांड्स के सैंपल लिए गए उनमें न्यूट्रिला, राग गोल्ड, अनिक, फार्च्यून, डालडा, ब्रिटानिया, मदर डेयरी, धारा, सफोला, पतंजलि, फर्स्ट क्रॉप और महाकोश जैसे नाम शामिल हैं। विभाग अब इन सभी नमूनों की गुणवत्ता की जांच कराएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
शहर के कई बड़े बाजारों में चला अभियान
यह अभियान 6 मई से 7 मई 2026 तक चलाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेश्वरगंज, मच्छोदरी, गोला दीनानाथ, सेवापुरी, गोदौलिया, शिवपुर, पहड़िया, चेतगंज, जगतगंज, कछवा रोड और गायघाट समेत कई इलाकों में जांच की। अधिकारियों ने होलसेलर, सप्लायर और रिटेल दुकानदारों के यहां पहुंचकर स्टॉक और उत्पादों की जांच की।
मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों पर सख्ती
खाद्य विभाग का कहना है कि अन्य राज्यों और विदेशों से आने वाले घी और खाद्य तेल के ब्रांड्स की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। विभाग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि बाजार में बिक रहे खाद्य उत्पाद तय मानकों के अनुसार हों और लोगों की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ न हो। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी कौश्लेंद्र शर्मा के निर्देशन में की गई। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित समेत खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश नारायण सिंह, पंकज कुमार यादव, राजेश कुमार, सम्राट श्रीवास्तव, नीरज, आदित्य विक्रम, विजय बहादुर, रतनेश कुमार, जयहिंद राम, रामचरन यादव, बिंदु पांडेय, राजकुमार यादव, आनंद और संतोष कुमार शामिल रहे।
