Movie prime

धनतेरस पर खुलेगा मां अन्नपूर्णा का स्वर्णिम खजाना, 5 दिन होंगे दुर्लभ दर्शन, 10 नवंबर को भव्य अन्नकूट महोत्सव
 

 
 धनतेरस पर खुलेगा मां अन्नपूर्णा का स्वर्णिम खजाना, 5 दिन होंगे दुर्लभ दर्शन, 10 नवंबर को भव्य अन्नकूट महोत्सव
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी में धनतेरस के अवसर पर मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। काशी के प्राचीन और प्रसिद्ध माता अन्नपूर्णा मंदिर में 6 नवंबर से पांच दिवसीय विशेष दर्शन-पूजन का शुभारंभ होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को साल में केवल पांच दिनों के लिए खुलने वाले माता के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, धनतेरस के दिन भोर चार बजे विशेष पूजा और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे।

साल में सिर्फ पांच दिन होते हैं स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, काशी के अधिपति बाबा विश्वनाथ स्वयं माता अन्नपूर्णा के दरबार में भिक्षा मांगने आते हैं। इसी प्राचीन परंपरा के तहत हर वर्ष धनतेरस पर माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन कराए जाते हैं। इस वर्ष श्रद्धालु 6 से 10 नवंबर तक माता के इस दुर्लभ स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे।

मंदिर में माता अन्नपूर्णा के साथ देवी लक्ष्मी, भूमि देवी और याचक के रूप में भगवान विश्वनाथ की प्रतिमाओं के भी दर्शन होंगे। इस विशेष अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना है।

भक्तों को मिलेगा मां के खजाने का प्रसाद

धनतेरस के दिन दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को माता अन्नपूर्णा के खजाने का विशेष प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसमें धान का लावा और सिक्के शामिल होंगे। धार्मिक मान्यता है कि माता के खजाने से प्राप्त सिक्के और लावा को घर की तिजोरी या अन्न भंडार में रखने से सुख-समृद्धि बनी रहती है और अन्न-धन की कमी नहीं होती।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में भक्तों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

10 नवंबर को सजेगा भव्य अन्नकूट, 108 प्रकार के भोग होंगे अर्पित

पांच दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 10 नवंबर को माता अन्नपूर्णा मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर माता को 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के फल, मेवे, लड्डुओं और अन्य पकवानों से सजाया जाएगा।

अन्नकूट महोत्सव के लिए लगभग 150 क्विंटल मिठाइयों और नमकीन की तैयारी की जा रही है। इनमें विभिन्न प्रकार के लड्डू, बर्फी, बालूशाही, खुर्मा, गुड़ की जलेबी और गुलाब जामुन समेत कई पारंपरिक पकवान शामिल हैं। इसके लिए कारीगर तैयारियों में जुटे हुए हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर विशेष तैयारियां

धनतेरस से अन्नकूट तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश-विदेश से आने वाले भक्तों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी होने की उम्मीद है। मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन तथा दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव के समापन के साथ स्वर्णमयी माता अन्नपूर्णा के दर्शन अगले वर्ष तक के लिए बंद हो जाएंगे। ऐसे में पांच दिनों तक भक्तों को माता के इस विशेष स्वरूप के दर्शन का अवसर मिलेगा।