महामना मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के डॉ. नागेंद्र सिंह बने प्रोफेसर, पुरातन छात्र की उपलब्धि पर खुशी
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के लिए गौरव का क्षण है। संस्थान के पुरातन छात्र और वरिष्ठ शिक्षक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह को पदोन्नति देकर प्रोफेसर बनाया गया है। सोमवार को उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही संस्थान में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि कभी उन्होंने इसी संस्थान में विद्यार्थी के रूप में पढ़ाई की थी। अपनी मेहनत, लगन और अकादमिक प्रतिबद्धता के दम पर उन्होंने शिक्षक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। पहले एसोसिएट प्रोफेसर बने और अब पदोन्नति पाकर प्रोफेसर के पद तक पहुंचे हैं।
जनसंचार एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके कई शोध पत्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है और राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं में संस्थान का प्रतिनिधित्व भी किया है।
संस्थान को बताया अपना घर
अपनी पदोन्नति पर डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय लगातार प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
डॉ. सिंह ने भावुक अंदाज में कहा, "यह संस्थान मेरा घर है। यहां विद्यार्थी के रूप में मैंने जो सीखा, उसे शिक्षक के रूप में लौटाने का प्रयास कर रहा हूं। इससे बड़ा सौभाग्य और क्या हो सकता है। मेरी कोशिश रहती है कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि मूल्य आधारित शिक्षा भी मिले।"
कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं डॉ. सिंह
डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह वर्तमान में महामना मदन मोहन मालवीय हिन्दी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी और मुख्य गृहपति की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
उन्होंने इसी हिन्दी पत्रकारिता संस्थान से स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। जिस संस्थान से उन्होंने अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत की, उसी में प्रोफेसर के पद तक पहुंचना उनकी मेहनत और समर्पण की एक प्रेरक मिसाल है।
