काशी से वडनगर तक गूंजेगा सेवा और संकल्प का संदेश, 17 सितंबर को निकलेगी बाइक यात्रा, CM योगी-राजनाथ सिंह दिखाएंगे हरी झंडी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। इसी क्रम में काशी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा में 51 सेवा यात्री शामिल होंगे।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने मंगलवार को रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में यात्रा की तैयारियों में जुटे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि 17 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे सभी 51 बाइकर्स ललिता घाट पहुंचेंगे। यहां गंगा स्नान और पूजन के बाद कलश में गंगाजल लिया जाएगा। इसके बाद डमरू दल की गूंज और शंखनाद के बीच सेवा यात्री बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे।
बाबा दरबार में गंगाजल से भगवान काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद मंदिर परिसर में बटुकों की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अनुष्ठान होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी।
बाबा विश्वनाथ को गंगाजल अर्पित करने के बाद सेवा यात्री रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे। दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद जनसभा होगी।
जनसभा के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
यात्रा रवाना होने से पहले रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के बाहर गुब्बारे छोड़े जाएंगे। इसके बाद अतिथिगण फ्लैग ऑफ कर बाइक सवारों को वडनगर के लिए रवाना करेंगे।
अशोक चौरसिया ने बताया कि यात्रा के दौरान वाराणसी की सीमा तक करीब दस स्थानों पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। काशी से वडनगर तक निकलने वाली यह बाइक यात्रा इसी अभियान का प्रमुख हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा काशी में सेवा यात्रियों का उत्साहवर्धन करेंगे, जबकि भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी वडनगर में यात्रियों का स्वागत करेंगे।
भाजपा क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि गंगाजल से भरे कलश, बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच शुरू होने वाली यह यात्रा काशी की धार्मिक आस्था को सेवा और संकल्प के संदेश से जोड़ेगी।
इनकी रही उपस्थिति:
कार्यक्रम में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, राकेश शर्मा, विपिन सिंह, अनिल श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, अमित राय, प्रवीण सिंह गौतम, जगदीश त्रिपाठी, देवेंद्र मौर्या, सतीश पांडेय, अनिल गुप्ता, संतोष सोलापुरकर, राहुल सिंह, आत्मविशेश्वर, संजय सोनकर, चंद्रशेखर उपाध्याय, आशुतोष पॉल, शैलेन्द्र मिश्रा, रजत जायसवाल, अमन सोनकर, संदीप सिंह मिंटू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
