Movie prime

कालभैरव मार्ग के कायाकल्प में जुटा नगर निगम, महापौर ने खुद बनाई दीवारों पर पेंटिंग
 

 
 कालभैरव मार्ग के कायाकल्प में जुटा नगर निगम, महापौर ने खुद बनाई दीवारों पर पेंटिंग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कालभैरव मंदिर मार्ग के सुंदरीकरण अभियान की शुरुआत स्वयं दीवारों पर पेंटिंग बनाकर की गई।

निरीक्षण की शुरुआत मैदागिन स्थित कालभैरव वार्ड से हुई, जहां अधिकारियों ने नालियों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। कालभैरव मंदिर मार्ग पर भवनों और दुकानों की बाहरी दीवारों के रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लेते हुए महापौर और नगर आयुक्त ने स्वयं ब्रश उठाकर दीवारों पर पेंटिंग बनाई। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और श्रमिकों को स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान से जोड़ना बताया गया।

महापौर ने मंदिर मार्ग पर स्थित सभी दुकानों के साइन बोर्ड एक समान डिजाइन में लगाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक बोर्ड के नीचे “सौजन्य से नगर निगम वाराणसी” अंकित करने को कहा, ताकि नगर निगम की इस पहल को एक अलग पहचान मिल सके। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का भी जायजा लिया गया। वहीं गुरुनानक मार्केट में ट्रांसफार्मर के आसपास गंदगी मिलने पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त लहुराबीर पहुंचे, जहां पशु चिकित्सालय (घोड़ा अस्पताल) परिसर में म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से करीब 34.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मल्टीस्टोरी मार्केट कॉम्प्लेक्स और अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने कार्यदायी संस्था को मैनपावर बढ़ाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में बिरदोपुर वार्ड में नाला सफाई और स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की गई। मानसून को देखते हुए जलभराव की संभावित समस्याओं के समाधान के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लेते समय अधिकारियों ने पाया कि नालों से निकाली गई सिल्ट सड़क किनारे पड़ी हुई है। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को शाम तक हर हाल में सिल्ट हटाने तथा सीवरों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निगम सदन भाजपा दल के नेता सुरेश कुमार चौरसिया, पार्षद संजय कुमार गुजराती, नामित पार्षद मनोज यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।