Movie prime

पांडेयपुर चौराहे का बदलेगा स्वरूप, हटेगा डिवाइडर और बनेगा ऑटो स्टैंड; जाम से मिलेगी राहत
 

 
 पांडेयपुर चौराहे का बदलेगा स्वरूप, हटेगा डिवाइडर और बनेगा ऑटो स्टैंड; जाम से मिलेगी राहत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल पांडेयपुर चौराहे से गुजरने वाले लाखों लोगों को जल्द ही भीषण जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम की ओर से चौराहे के पुनर्निर्माण, यातायात सुधार और सुंदरीकरण की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेयपुर चौराहे का औचक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चौराहे पर लगने वाले जाम के प्रमुख कारणों का मौके पर ही आकलन किया। उन्होंने यातायात को अधिक सुगम बनाने के लिए चौराहे के समीप बने डिवाइडर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही, मुख्य सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े होने वाले ऑटो के कारण उत्पन्न होने वाली समस्या को देखते हुए ऑटो चालकों के लिए अलग से निर्धारित ऑटो स्टैंड विकसित करने का आदेश दिया, ताकि सड़क पर अनावश्यक दबाव कम हो सके।

PWD और आर्किटेक्ट के साथ बनेगा मास्टर प्लान

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेयपुर चौराहे के समग्र कायाकल्प और सुंदरीकरण को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र को निर्देशित किया कि वे आर्किटेक्ट आफताब, लोक निर्माण विभाग (PWD) और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करें। उन्होंने कहा कि योजना को जल्द अंतिम रूप देकर निर्धारित समय सीमा में कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद अशोक कुमार मौर्य, नगर निगम के अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह समेत लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के कई अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने चौराहे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुंदरीकरण कार्य को शीघ्र गति देने का भरोसा दिलाया।