Movie prime

वाराणसी के नए CMO डॉ. एन.पी. सिंह ने संभाला कार्यभार, बोले- जनहित सर्वोपरि

 
CMO
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एन.पी. सिंह ने मंगलवार को वाराणसी में अपने पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रारंभिक समीक्षा की। साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ, समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, नियमित टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय से मिले।

CHC-PHC और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की होगी नियमित समीक्षा

नए CMO ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा और अनुश्रवण किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक जांच और समुचित उपचार उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और मजबूत किया जाएगा और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया स्वागत

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. एन.पी. सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

डॉ. सिंह ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है। वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में लगातार सुधार के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।