Movie prime

BHU में याद किया गया रेजांगला के जवानों का बलिदान, संगोष्ठी में उठी अहीर रेजिमेंट की मांग
 

 
 BHU में याद किया गया रेजांगला के जवानों का बलिदान, संगोष्ठी में उठी अहीर रेजिमेंट की मांग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। रेजांगला शौर्य दिवस पर बुधवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विश्वनाथ मंदिर परिसर में संगोष्ठी और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला मोर्चे पर प्राण न्योछावर करने वाले भारतीय सैनिकों को याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग उठाई और इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा की जरूरत बताई।

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएचयू के छात्र नेता प्रतीक यादव ने की। इसमें बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। संगोष्ठी की शुरुआत में प्रतीक यादव ने रेजांगला की लड़ाई में अहीर जवानों के शौर्य और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि रेजांगला की लड़ाई युवाओं को साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, कृषि, सेना और राष्ट्रसेवा में यादव समाज के योगदान का जिक्र किया और युवाओं से इस इतिहास को जानने तथा सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की।

अहीर रेजिमेंट के गठन पर व्यापक चर्चा की मांग

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि रेजांगला की लड़ाई में अहीर जवानों की भूमिका भारतीय सैन्य इतिहास का अहम अध्याय है। उन्होंने भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग पर सामाजिक और लोकतांत्रिक स्तर पर चर्चा की जरूरत बताई। समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों का योगदान किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। उनका साहस और बलिदान पूरे देश की धरोहर है।

एनएसयूआई के अध्यक्ष मुरारी यादव ने सामाजिक चुनौतियों से निपटने में युवाओं की भूमिका और एकजुटता पर जोर दिया। शोध छात्र धीरेंद्र कुमार ने शिक्षा, समान अवसर और पिछड़े वर्गों की भागीदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां भी निभानी चाहिए। अंकित समाजवादी ने सामाजिक एकता और समाज के मुद्दों पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी की जरूरत बताई।

दीप जलाकर जवानों को दी श्रद्धांजलि

संगोष्ठी के बाद छात्र-छात्राओं ने दीप जलाकर रेजांगला में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उपस्थित युवाओं ने कहा कि सैनिकों का सम्मान उनकी वीरता को याद करने के साथ उनके साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में अपनाने से भी जुड़ा है।

कार्यक्रम में अतुल यादव, सौरभ यादव, सदानंद त्रिपाठी, अर्जुन सिंह, राज सिंह, वैभव त्रिपाठी, आलोक यादव, अंकित सिंह यादव, जय मौर्य और वरुण गांधी समेत अन्य लोग शामिल रहे।