काशी की गलियाँ अब वैदिक मंत्रों से गूँजेंगी: आकाशवाणी के जरिए सुबह 6 से रात 9 बजे तक पंचाक्षरी मंत्र और ओम की ध्वनि
वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी काशी की संकरी गलियों में अब सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार, पंचाक्षरी मंत्र और “ओम” तथा “ओम नमः शिवाय” की पवित्र ध्वनि निरंतर गूँजती रहेगी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने आकाशवाणी की तर्ज पर हाई-क्वालिटी ऑडियो सिस्टम लगाने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को काशी के धर्म, अध्यात्म, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी निरंतर मिलती रहेगी।
यह व्यवस्था काल भैरव मंदिर चौराहा से मैदागिन चौराहा, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर होते हुए गोदौलिया चौराहा और दशाश्वमेध घाट तक के पूरे मार्ग पर लागू की जा रही है। विशेष रूप से काल भैरव मंदिर जाने वाले रास्ते पर हर कुछ अंतराल में तीन बार “ओम” और एक बार “ओम नमः शिवाय” का उच्चारण बजाया जाएगा।
वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि प्राचीन काशी की परंपराओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से यह साउंड सिस्टम लगाया जा रहा है। अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बताया कि काल भैरव चौराहे से मंदिर तक का पूरा मार्ग ऑडियो सिस्टम से कवर हो चुका है और शेष हिस्सों में तेजी से काम चल रहा है।
