Movie prime

वाराणसी के लोहता में लाखों की चोरी: थी घर में सोता रहा परिवार, अलमारी से ₹8 लाख के जेवर लेकर फरार हुए चोर

 
chori
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब आठ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार के सभी सदस्य घर में ही सो रहे थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह नींद खुलने पर जब परिवार के सदस्यों ने घर की हालत देखी, तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, छितौनी गांव निवासी आशीष शर्मा सोमवार रात करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ सोने चले गए थे। आशीष के अनुसार, रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच उनकी छोटी बच्ची की नींद खुली थी। उस समय तक घर में चोरी नहीं हुई थी। ऐसे में उन्हें आशंका है कि चोरों ने रात एक से दो बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को खंगाला और उसमें रखे करीब आठ लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के समय आशीष अपनी पत्नी और बच्ची के साथ कमरे में सो रहे थे, जबकि उनके माता-पिता दूसरे कमरे में सोए हुए थे। घर में इतने लोगों के मौजूद होने के बावजूद किसी को चोरों की आहट तक सुनाई नहीं दी।

सुबह करीब पांच बजे आशीष की नींद खुली, तब उन्हें चोरी का पता चला। हालांकि, चोर मकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को कैसे अंजाम दिया, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। गांव में इस चोरी की घटना को लेकर चर्चा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।