अब नहीं लगेगा जाम! वाराणसी में ट्रैफिक सुधार के लिए बड़ा प्लान लागू
Varanasi : शहर में बढ़ते जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में पुलिस को जनता के बीच जाकर समस्याएं सुनने और समाधान करने के लिए सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट जनसंवाद को प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में जुटा है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए 10 प्रमुख रूट चिन्हित किए गए हैं। प्रत्येक रूट पर ट्रैफिक मार्शल के रूप में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी कर यातायात को सुचारू बनाए रखने का काम कर रहे हैं।
अतिक्रमण और अव्यवस्थित वाहनों पर कार्रवाई
प्रमुख चौराहों पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर जनता से संवाद कर रहे हैं। जहां अतिक्रमण की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल कार्रवाई कर उसे हटाया जा रहा है। साथ ही सड़क किनारे खड़े ऑटो और ई-रिक्शा, जो जाम का कारण बनते हैं, उन्हें भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
शहर के प्रमुख ‘हॉट चौराहों’ पर ट्रैफिक एडवाइजरी लागू की गई है। इसके तहत ट्रैफिक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जाम की स्थिति बनने पर तुरंत नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं।
जनसंवाद पर विशेष जोर
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस पूरी व्यवस्था में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत व्यापारियों, उद्योग बंधुओं, नाविकों और यातायात सलाहकार समिति के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों को समझा जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को पूरी तरह “सिटिजन ओरिएंटेड” बनाया जा रहा है। थाना स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखें, ताकि मिलकर शहर की ट्रैफिक समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।
