Movie prime

ग्राइंडर एप पर लड़की बनकर लोगों को बुलाते थे, फिर...; वाराणसी में लूट गिरोह का पर्दाफाश

 
 ग्राइंडर एप पर लड़की बनकर लोगों को बुलाते थे, फिर...; वाराणसी में लूट गिरोह का पर्दाफाश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कपसेठी पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग एप ‘ग्राइंडर’ के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य एप पर लड़की बनकर लोगों से दोस्ती करते थे और उन्हें मिलने के लिए सुनसान स्थान पर बुलाते थे। वहां पहुंचने पर उनके साथ मारपीट कर वीडियो बनाया जाता था और पैसे की मांग की जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को भदोही के एक युवक के साथ इसी तरह लूट की घटना हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह के तीन सदस्य कुरु तिराहे के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नितिन सिंह, अभय मिश्रा उर्फ खलनायक और हर्ष दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में नितिन सिंह इसरवार कपसेठी, अभय मिश्रा शेरवानीपुर बड़ागांव और हर्ष दुबे बरकी, कपसेठी का निवासी बताया गया है।

इस तरह देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले ग्राइंडर एप पर लोगों से दोस्ती करते थे। इसके बाद बातचीत बढ़ाकर उन्हें मिलने के लिए बुलाया जाता था। जब पीड़ित बताए गए स्थान पर पहुंचता था, तो गिरोह के सदस्य उसे सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट करते थे। आरोप है कि इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया जाता था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की वसूली की जाती थी।

इस तरह की घटनाओं से इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, एसआई मनीष, करुणा सागर तिवारी और मधुसूदन त्रिपाठी शामिल रहे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले उसकी पहचान और जानकारी की पुष्टि करें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।