वाराणसी के बंद मकान में चोरों का आतंक: ताला तोड़ 3 लाख का सामान साफ, आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी उड़ा ले गए चोर
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 3 लाख रुपये के महंगे कपड़े, विदेशी घड़ियां और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। मकान मालिक ने एसी मैकेनिक पर भी शक जताया है।
वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के रमना चौकी अंतर्गत नरोत्तमपुर गांव में मुख्य मार्ग पर स्थित धर्मेंद्र सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने तीन लाख के महंगे कपड़े , घड़ी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह रोज की तरह काम करने वाली पहुंची तो दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा देखकर सन्न रह गई।
उसने धर्मेंद्र के चचेरे भाई राम नारायण सिंह को घटना की जानकारी दी। जिन्होंने डायल 112 पर कंट्रोल रूम को सूचना दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय चौकी रमना को सूचना दी जिसके बाद मौके पर खानापूर्ति के लिए सिपाही पहुंचे और फिर चले गए। चोरी की सूचना के बाद भी चौकी प्रभारी रमना मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझे।
मकान मालिक धर्मेंद्र के चचेरे भाई रामनारायण सिंह ने बताया कि मकान में रिश्तेदार आकाश और उनकी पत्नी रहते हैं। आकाश पर ट्रांसफर लखनऊ हो गया तो 27 मई को अपने कुछ जरूरी सामान लेकर चले गए। घर की देखभाल के लिए गांव की महिला आती थी जिसके सुबह आने पर चोरी की जानकारी हुई।
चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद लोहे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर सभी कमरे खंगाल डाले हैं। चोरों ने किचन और पूजा घर भी नहीं छोड़ा। आलमारी में रखे आर्टिफिशियल ज्वेलरी को असली समझकर चोर उठा ले गए। इसके अलावा कीमती साड़ी, कपड़े और दो विदेशी घड़ियां भी चोर उठा ले गए।
राम नारायण सिंह ने बताया कि संयोग अच्छा रहा कि लखनऊ जाते समय आकाश ने पत्नी और अपने गहने हटा दिया था नहीं तो बहुत बड़ा नुकसान होता। घर से जाने से पहले आकाश ने एसी खुलवाने के लिए मैकेनिक बुलवाया था उसपर भी आशंका है। चोरों ने करीब तीन लाख से ज्यादा के सामान चुराए हैं। रामनारायण सिंह ने लिखित तहरीर पुलिस को दिया है।
