Movie prime

BLW के गुमटी मार्केट में चोरों का धावा, कई दुकानों के टिनशेड हटाकर चोरी
 

 
 BLW के गुमटी मार्केट में चोरों का धावा, कई दुकानों के टिनशेड हटाकर चोरी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बरेका के गुमटी मार्केट में सोमवार रात चोरों ने कई दुकानों के टिनशेड हटाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह दुकानदारों के दुकान खोलने पर घटना का पता चला। इसके बाद मार्केट में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने बरेका प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने कई दुकानों के टिनशेड तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कुछ अन्य दुकानों के टिनशेड भी तोड़ने का प्रयास किया गया। विकास कम्युनिकेशन, शाका सिंह स्पोर्ट्स, धीरज स्पोर्ट्स, राज केश जनरल स्टोर, बिग बॉय, शाका फैशन, शुक्ला फुटवियर और राम मराश फोटो फ्रेमिंग समेत कई दुकानों को निशाना बनाया गया।

चौकीदार हटाने और सीसीटीवी बंद होने का आरोप

दुकानदारों का आरोप है कि बरेका प्रशासन ने मार्केट में तैनात उनके चौकीदार को हटवा दिया था। इसके अलावा, मार्केट के मुख्य गेट पर स्थित चौकीदार के कार्यालय में भी ताला लगवा दिया गया। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे भी हटा दिए गए हैं। वर्तमान में कुछ दुकानों पर ही निजी कैमरे लगे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि यदि मार्केट में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी होती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

चोरी की सूचना मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मंडुवाडीह थानाध्यक्ष, बरेका चौकी प्रभारी, आरपीएफ और बरेका इंटेलिजेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुकानदारों ने पुलिस से चोरी का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की अपील की है। साथ ही, बरेका प्रशासन से मार्केट में दोबारा चौकीदार तैनात करने और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की है।