Movie prime

बरेका के सूर्य सरोवर पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का सूर्य सरोवर श्रद्धा और भक्ति के रंग में नजर आया। रविवार को यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों ने छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा परिसर छठी मइया के गीतों और जयकारों से गूंजता रहा।

..

छठ पूजा के अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत भी सूर्य सरोवर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन किया और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सभी के कल्याण की कामना की। इस दौरान बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पूजा में हिस्सा लिया।

इस बार आयोजन में सात घोड़ों के रथ पर विराजमान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजे सूर्य सरोवर की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। सरोवर के पानी में डूबते सूर्य की लालिमा, दीपों की जगमगाहट और श्रद्धालुओं की सामूहिक सूर्य वंदना ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

छठी मइया के गीतों से गूंजा परिसर

छठ महापर्व के उल्लास में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सरोवर पहुंचीं। व्रती महिलाओं के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने छठी मइया के पारंपरिक लोकगीत गाए। वहीं, आयोजन के दौरान विशेष भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ हुआ। भक्ति संगीत और जयकारों से पूरा परिसर आध्यात्मिक माहौल में डूबा नजर आया।

कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, राम जन्म चौबे, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार गुप्ता, भारद्वाज चौधरी और उप महाप्रबंधक सागर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, मनीष कुमार सिंह और संतोष कुमार यादव ने भी आयोजन में सहभागिता की।

सुरक्षा के लिए तैनात रहीं टीमें

हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, एनडीआरएफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड और जिला भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सहयोग किया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में बरेका छठ समिति के संस्थापक सी.के. ओझा, अध्यक्ष अनूप सिंह वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश सिंह, महामंत्री अजय आर, कोषाध्यक्ष गणेश कुमार और नीलेश कुमार समेत समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन राकेश पाण्डेय और दीपा मिश्रा ने किया।

बरेका के सूर्य सरोवर पर छठ पूजा का यह आयोजन आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा की भी खूबसूरत तस्वीर पेश कर गया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने काशी में छठ महापर्व के उत्साह और महत्व को एक बार फिर जीवंत कर दिया।