Movie prime

CM योगी के वाराणसी दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानिए कौन-कौन से रूट रहेंगे डायवर्ट

 
CM योगी के वाराणसी दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानिए कौन-कौन से रूट रहेंगे डायवर्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 जुलाई 2026 को प्रस्तावित वाराणसी दौरे और सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को देखते हुए कमिश्नरेट वाराणसी की यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।

जनसभा में आने वाली बसों के लिए विशेष व्यवस्था

यातायात पुलिस के अनुसार सेवापुरी, रोहनिया, कैंट विधानसभा तथा चंदौली, भदोही और मिर्जापुर से आने वाली बसें रिंग रोड, रमौना और एनएच-19 होते हुए डाफी टोल प्लाजा पार कर सर्विस लेन से लौटूबीर अंडरपास पहुंचेंगी। इन बसों की पार्किंग पी-04 (मैदान पार्किंग) में की जाएगी।

वहीं, पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, कैंट तथा जौनपुर और गाजीपुर से आने वाली बसें भिखारीपुर, नरिया तिराहा, बीएचयू नरिया गेट, एनसीसी तिराहा, केंद्रीय विद्यालय, रेडियस-07 और एम्फीथिएटर मार्ग से होकर पी-06 पार्किंग तक पहुंचेंगी।

चार और दोपहिया वाहनों के लिए रूट

डाफी टोल प्लाजा की ओर से आने वाले चार एवं दोपहिया वाहन एनएच-19, सर्विस लेन और लौटूबीर अंडरपास के रास्ते पी-03 (अजय नगर कॉलोनी पार्किंग) में पार्क किए जाएंगे।

शहर और भिखारीपुर की ओर से आने वाले वाहन सुंदरपुर, नरिया, मालवीय चौराहा और एलबीएस चौराहा होते हुए पी-06 पार्किंग तक पहुंचेंगे।

पुलिस, प्रशासन और मीडिया वाहनों के लिए अलग व्यवस्था

मालवीय चौराहा की ओर से आने वाले पुलिस, पीएसी, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के वाहनों की पार्किंग पी-06 में निर्धारित की गई है।

वहीं, एनएच-19 की ओर से आने वाले पुलिस, पीएसी, प्रशासन, मीडिया और जनप्रतिनिधियों के वाहनों को हरिओम नगर कॉलोनी स्थित पी-05 पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।

वीआईपी वाहनों के लिए अलग पार्किंग

मंचासीन अतिथियों और वीआईपी जनप्रतिनिधियों के लगभग 250 वाहनों को डाफी टोल प्लाजा से पहले सर्विस लेन के जरिए रविदास संग्रहालय के निकट स्थित पी-01 पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। उनके सहायक वाहनों के लिए पी-02 पार्किंग निर्धारित की गई है।

आम लोगों से अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 29 जुलाई को जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।