वाराणसी में सीएम योगी के आगमन पर ट्रैफिक डायवर्जन, 14-15 अक्टूबर को इन रास्तों पर होगा नो व्हीकल जोन
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 और 15 अक्टूबर 2026 को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रवास को देखते हुए कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। कुछ रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन रोका जाएगा, जबकि कई स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। आम लोगों को जाम से बचाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।
14 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से लागू होंगे प्रतिबंध
14 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से वीवीआईपी कार्यक्रम समाप्त होने तक पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया होते हुए सिगरा तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह लकड़ीमंडी और चौकाघाट से लहुराबीर, मैदागिन से विशेश्वरगंज तक भी ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।
अम्बेडकर चौराहा, जेपी मेहता, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहे तक ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन पर भी रोक रहेगी।
कैंट रेलवे स्टेशन से रथयात्रा और बीएचयू की ओर जाने वाले ऑटो व ई-रिक्शा को लहरतारा और मंडुवाडीह मार्ग से संचालित किया जाएगा। साजन तिराहे से आने वाले वाहनों को आकाशवाणी तिराहे से महमूरगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, मंडुवाडीह से महमूरगंज जाने वाले वाहनों को ककरमत्ता और भिखारीपुर के रास्ते भेजा जाएगा।
सूजाबाद (पड़ाव) से अंधरापुल की तरफ जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन भी दोपहर 12 बजे से वीवीआईपी कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेगा।
मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर आवागमन बंद
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। राजघाट पुल और सूजाबाद की तरफ से आने वाले मालवाहक वाहनों का संचालन दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
विशेश्वरगंज तिराहे से वीवीआईपी आगमन के तीन घंटे पहले ही चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने से रोक दिया जाएगा। इन वाहनों को गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
बसों के लिए भी तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर बीएचयू, हरहुआ ओवरब्रिज और बाबतपुर की ओर से आने वाली रोजाना चलने वाली तथा निजी बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर की तरफ भेजा जाएगा।
वहीं, जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को अंडरपास चौराहे तक आने दिया जाएगा। इसके बाद इन बसों को परमपुर, लोहता और चांदपुर के रास्ते वापस भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन की जानकारी जरूर लें और जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान संबंधित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।
यातायात सहायता नंबर:
ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 917839856994
*ट्रैफिक हेल्पलाइन: 917317202020
