Movie prime

CM योगी के वाराणसी दौरे को लेकर कल ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
 

 
 CM योगी के वाराणसी दौरे को लेकर कल ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को आवश्यकतानुसार रोका जाएगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से वीवीआईपी रूट पर जाने से बचें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।

यातायात पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के समय भोजूबीर तिराहा से जेपी मेहता तिराहा, जेपी मेहता तिराहा से भोजूबीर, कचहरी चौराहा से सर्किट हाउस, गिलट बाजार से भोजूबीर, सब्जी मंडी चौराहा से सिंधौरा अंडरपास तथा सिंधौरा अंडरपास से भोजूबीर की ओर किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को क्रमशः अर्दली बाजार, सेंट्रल जेल तिराहा, अंबेडकर चौराहा, शिवपुर चुंगी, महाबीर मंदिर-यूपी कॉलेज और हरहुआ अंडरपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा, बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज एवं प्राइवेट बसों को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हरहुआ ओवरब्रिज पर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहीं जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को भी हरहुआ रिंग रोड अंडरपास से आगे परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने ऑटो रिक्शा संचालन पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान से दो घंटे पहले भोजूबीर तिराहा से कचहरी चौराहा और गिलट बाजार के बीच, भोजूबीर से सिंधौरा मार्ग पर तथा भोजूबीर तिराहा, जेपी मेहता तिराहा और कचहरी चौराहा के बीच ऑटो रिक्शा का संचालन बंद रहेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही वीवीआईपी रूट पर यात्रा करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।