दर्दनाक हादसा: डम्फर की चपेट में आकर ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय की मौत, परिवार का था इकलौता सहारा
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के सिद्धगिरीबाग-मौलवीबाग मार्ग पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डम्फर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा स्थित सरैया निवासी साहिल (21) पुत्र स्वर्गीय अब्दुल करीम ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। सोमवार देर रात करीब एक बजे वह डिलीवरी पूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सिद्धगिरीबाग-मौलवीबाग मार्ग पर लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी बीच उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डम्फर की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद डम्फर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने गंभीर रूप से घायल साहिल को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। बताया गया कि करीब पांच वर्ष पहले साहिल के पिता का निधन हो चुका था। तीन बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर रहे साहिल के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार डम्फर चालक की तलाश में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
