Movie prime

वाराणसी में दर्दनाक हादसा: तालाब किनारे बना मकान ढहा, मलबे में दबकर दो मासूम बहनों की मौत

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now


वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत बच्छांव पश्चिमपुरा में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब किनारे बने अहीउद्दीन उर्फ कल्लू के मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। दीवार गिरने से मलबे और पानी में दबकर दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता भी घायल हो गए।

मृत बच्चियों की पहचान आफिया (6 वर्ष) और फलक (4 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें हादसे के वक्त घर के अंदर सो रही थीं। अचानक मकान की दीवार गिरने से दोनों मलबे और पानी में दब गईं।

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह और चौकी प्रभारी धर्मेंद्र राजपूत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बचाव कार्य में लगाया गया।

काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, हादसे में घायल माता-पिता को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान तालाब के किनारे बना हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि जमीन धंसने के कारण मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया और दीवार का मलबा तालाब के पानी में जा गिरा।

पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।