Movie prime

आशापुर ओवरब्रिज पर दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

 
Accident
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर ओवरब्रिज पर सोमवार को तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक सवार ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय युवा समाजसेवी धर्मेंद्र पांडे के मुताबिक, कार चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने साइड से दोनों बाइकों को टक्कर मारी और मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों और स्थानीय नागरिकों ने दौड़ाकर कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

उधर, हादसे में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को गिरधर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया। वहीं, ओवरब्रिज से नीचे गिरे व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर थी। बाद में उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार चालक के नशे में होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।