वाराणसी के सलारपुर में HIV/AIDS जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक के जरिए ट्रांस-क्वियर समुदाय ने दिया भेदभाव मिटाने का संदेश
Varanasi : HIV/AIDS को लेकर जागरूकता बढ़ाने, इससे जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने तथा लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रिज्मैटिक फाउंडेशन की ओर से सलारपुर बस्ती में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। ट्रांस एवं क्वियर समुदाय के सदस्यों ने स्वयं नाटक तैयार कर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत नैरेटर टैन ने स्थानीय लोगों को एकत्रित कर की। इसके बाद संस्था की ओर से समुदाय के लिए किए जा रहे सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की जानकारी दी गई।

HIV को लेकर भ्रांतियों पर किया जागरूक
नुक्कड़ नाटक में ‘बनी’ नाम के पात्र को HIV के साथ जीवन जीते हुए दिखाया गया। उसके दोस्तों द्वारा छुआछूत और भेदभाव किए जाने के जरिए HIV संक्रमित लोगों के प्रति समाज में मौजूद गलत धारणाओं को सामने रखा गया।
इसके बाद डॉक्टर के पात्र के माध्यम से HIV से जुड़ी वैज्ञानिक और सही जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि HIV संक्रमित व्यक्ति को छूने, उसके साथ बैठने या सामान्य सामाजिक संपर्क रखने से संक्रमण नहीं फैलता। नाटक के जरिए HIV के संक्रमण के प्रमुख कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच कराने के महत्व की जानकारी भी दी गई।
कलाकारों ने लोगों से HIV/AIDS से जुड़ी अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और वैज्ञानिक जानकारी को अपनाने की अपील की। साथ ही HIV के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति भेदभाव के बजाय सम्मान और सहयोग का व्यवहार करने का संदेश दिया।

25 अगस्त को लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
नाटक के समापन के बाद नीति ने आगामी स्वास्थ्य शिविर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कबीर चौरा अस्पताल के सहयोग से 25 अगस्त 2026 को सलारपुर बस्ती में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में HIV/AIDS जांच के साथ बुनियादी स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
कार्यक्रम में टैन, आर्या, कृष्णा, अनामिका, बनी और रुमान सहित छह कलाकारों ने प्रस्तुति दी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 100 लोगों ने सहभागिता की।

