सोशल मीडिया पर हिंदू-मुस्लिम विभाजन रोकने की मांग, ट्रांसजेंडर समुदाय ने कमिश्नर को दिया ज्ञापन
वाराणसी। ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने गुरुवार को भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कथित कोशिशों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान समुदाय के लोगों ने नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इसके बाद ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों ने एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सोशल मीडिया पर हिंदू-मुस्लिम विभाजन को बढ़ावा देने वाली पोस्टों की निगरानी बढ़ाने और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
समुदाय की सदस्य सलमा किन्नर ने आरोप लगाया कि शहर में जातीय और धार्मिक भेदभाव की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने, उन्हें सार्वजनिक स्थलों जैसे घाटों और पार्कों पर जाने से रोकने तथा आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित करने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
सलमा किन्नर ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे संदेश और पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं, जो समाज में नफरत और विभाजन की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
