वाराणसी के राजातालाब में दर्दनाक सड़क हादसा, मैजिक और बुलेट की आमने-सामने की टक्कर में दो दोस्तों की मौत
वाराणसी। जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पेट्रोल पंप के पास हुई आमने-सामने की टक्कर
हादसा शनिवार रात करीब 9:30 बजे बीरभानपुर-ओदार स्थित पेट्रोल पंप के पास राजातालाब-जंसा मार्ग पर हुआ। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहे मैजिक वाहन और सामने से आ रही बुलेट बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए हाईवे स्थित हेरिटेज अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जमाल (26 वर्ष) और शाहिद (20 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद आमिर (20 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
मैजिक चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने हादसे के बाद मैजिक वाहन और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने के गम में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
