काशी विद्यापीठ में छात्राओं के दो गुटों में मारपीट, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
वाराणसी I महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मानविकी संकाय के बाहर शुक्रवार को छात्राओं के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पांच से छह छात्राएं आपस में भिड़ती नजर आ रही हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि विवाद के दौरान एक छात्रा ने दूसरी छात्रा के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और फिर उस पर कोहनी से हमला किया।
जानकारी के मुताबिक बीए मास कम्युनिकेशन द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा का अंतिम पेपर खत्म होने के बाद छात्र-छात्राएं परिसर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्राएं एक-दूसरे को विदाई दे रही थीं। तभी किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की अन्य छात्राएं भी विवाद में शामिल हो गईं।
घटना के दौरान मौजूद कुछ छात्रों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और संबंधित छात्राओं को नोटिस जारी कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने छात्राओं से अपील की है कि वे आपसी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाएं और हिंसा का रास्ता न अपनाएं।
वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर या शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
