BHU में छात्रों के दो गुटों में जातिगत टिप्पणी को लेकर जमकर मारपीट, दो घायल
वाराणसी: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के परिसर में छात्रावासों के बीच हुई मारपीट और पथराव की घटना से तनाव का माहौल बना हुआ है। रुइया छात्रावास और बिरला छात्रावास के छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक छात्र पीयूष तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका सिर फट गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब रुइया छात्रावास का एक छात्र बाइक से अपने हॉस्टल की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिरला छात्रावास के तीन छात्रों से उसकी बहस हुई, जो कहासुनी में बदल गई और मारपीट शुरू हो गई। पीयूष तिवारी को चोट लगी, जिसके बाद रुइया के छात्र उग्र हो गए। उन्होंने मुंह बांधकर विरोध जताया।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य स्थिति शांत करने के लिए गेट पर मौजूद थे और लगभग 50-60 छात्रों से बात कर रहे थे। इसी बीच बिरला छात्रावास के 30-40 छात्र मुंह में कपड़ा बांधकर लाठी-डंडे और पत्थर लेकर रुइया छात्रावास की ओर दौड़े और पथराव शुरू कर दिया।
चीफ प्रॉक्टर खुद मोर्चा संभालने जा रहे थे, लेकिन 5-6 सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने स्थिति संभाली और हमलावर छात्रों को खदेड़ दिया।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। तीन थानों की फोर्स, पीएसी की टुकड़ी, कुल 200 सुरक्षाकर्मी और 500 पुलिसकर्मी मौके पर हैं। डीसीपी काशी गौरव और एडीसीपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। ड्रोन की मदद से पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है।
डीसीपी गौरव ने बताया कि दो छात्रावासों के बीच मारपीट हुई है। पीड़ित छात्र से तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि आज हॉस्टल में जो बाहरी लोग रहेंगे, उन्हें पकड़ा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और छात्रावास में कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में तनाव बना हुआ है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड और पुलिस ने संयुक्त रूप से शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया है।
