Movie prime

वाराणसी में लगा दो दिवसीय शाकभाजी-फल-पुष्प प्रदर्शनी, GI टैग आम-पान से सजा सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र

 
वाराणसी में लगा दो दिवसीय शाकभाजी-फल-पुष्प प्रदर्शनी, GI टैग आम-पान से सजा सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : कचहरी स्थित राजकीय अलंकृत उद्यान (कम्पनी बाग) में दो दिवसीय मंडलीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के अवसर पर राज्यमंत्री जायसवाल ने कहा कि यह प्रदर्शनी जनपद के उन्नतशील किसानों के उत्पादों का बेहतर प्रदर्शन करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां बेहतर किस्म की शाकभाजी, मौसमी एवं विदेशी फल, आकर्षक पुष्पों के साथ-साथ नवीनतम कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इससे आने वाले आगंतुकों और किसानों दोनों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में रंग-बिरंगे फूलों और उन्नत किस्म की फूलों की खेती देखकर आगंतुक प्रेरित हो रहे हैं।

प्रदर्शनी में उन्नत किस्म की शाकभाजी, मौसमी एवं विदेशी फल, आकर्षक पुष्पों की प्रदर्शनी के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, ड्रिप सिंचाई एवं कृषक कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को नवीन तकनीकों पर मार्गदर्शन के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

v

प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। इस दो दिवसीय आयोजन में व्यक्तिगत प्रतिभागियों के साथ राजकीय संस्थान, महाविद्यालय, उद्यमी, निजी पौधशालाएं, रेलवे एवं अन्य प्रतिष्ठान भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी को 18 वर्गों एवं 154 श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसमें शाकभाजी, फल, संरक्षित फल उत्पाद, गुलाब व डहेलिया के कटे फूल, मौसमी फूल, कलात्मक पुष्प सज्जा, गमलों में जाड़े के पौधे, कैक्टस, सकुलेन्टस, बोनसाई, औषधीय एवं सुगंधित पौधे, वर्टिकल गार्डेन, रंगोली, टेरारियम, विवाह मंडप सज्जा आदि की आकर्षक प्रस्तुति होगी।

प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 700 रुपये, 500 रुपये एवं 400 रुपये के साथ स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष प्रदर्शनी को अधिक आकर्षक बनाने के लिए सहज योग सत्र, न्यूमेरोलॉजी, नेचर-बेस्ड गतिविधियां, मूड आधारित फ्लावर एक्टिविटी, फ्लावर स्टॉल, वैदिक गणित, फेस पेंटिंग, फ्लावर पॉट पेंटिंग, लाइव एवं एब्सट्रैक्ट पेंटिंग, आर्ट एवं क्राफ्ट, लर्निंग एक्टिविटी, हेल्दी बेबी शो, बनारसी औद्यानिक उत्पादों की प्रदर्शनी, दक्षिण भारतीय व्यंजन, ठंडई, कुल्फी, बाटी-चोखा, फूड कोर्ट, एक्टिविटी हट, अन्नपूर्णा चाट काउंटर सहित कई विशेष आकर्षण शामिल किए गए हैं।

c

साथ ही जीआई टैग प्राप्त बनारसी आम, बनारसी पान, रामनगर भांटा, करौंदा एवं भरुआ लाल मिर्च की आकृतियों के साथ पौधों की टोपियरी एवं सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। नमो घाट एवं श्रीराम दरबार की प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र होगी। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों, बनारस क्लब बैंड एवं बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

इस अवसर पर मंडलायुक्त एस राज लिंगम, उपनिदेशक उद्यान दिग्विजय कुमार सहित उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान व आमजन उपस्थित रहे।