Movie prime

‘क्योटो में पानी पर चल गई दो पहिया नाव’...अखिलेश यादव ने वाराणसी में जलजमाव का वीडियो शेयर कर कसा तंज

 
Akhilesh
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने काशी को ‘क्योटो’ बताते हुए जलभराव की स्थिति पर सवाल खड़े किए।

अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, काशी के क्योटो में हुआ चमत्कार, पानी पर चल गयी दो पहिया नाव। इसके साथ ही उन्होंने काशी को स्मार्ट सिटी बनाने के दावों पर भी निशाना साधा।

उन्होंने आगे लिखा कि जनता पूछ रही है कि हजारों करोड़ रुपये के बजट से काशी को स्मार्ट सिटी बनाने का जो दावा किया गया था, उस पर आखिर किसने पानी फेर दिया। अखिलेश ने तंज कसते हुए सवाल किया कि कहीं दिल्लीवालों के काम को लखनऊवालों ने चौपट तो नहीं कर दिया।

अखिलेश ने अपने पोस्ट में गंगा, वरुणा और काशी के नालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि न गंगा साफ हुई, न वरुणा और न ही काशी के नाले। इसी वजह से नल को छोड़कर हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।

 

अपने पोस्ट में अखिलेश ने सरकार की निगरानी व्यवस्था पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा कि अगर दूरबीन और ड्रोन काम नहीं कर रहे हैं तो रडार से ही स्थिति देख ली जाए। अगर फिर भी दिखाई न दे तो यूपी के बुलडोजर पर चढ़कर देख लें। उन्होंने इसे बुलडोजर के ‘सकारात्मक इस्तेमाल’ से जोड़ते हुए तंज किया।

 

वीडियो में क्या दिख रहा है?

अखिलेश यादव द्वारा शेयर किए गए वीडियो में एक महिला स्कूटी से जलभराव वाले इलाके में घूमते हुए वहां की स्थिति दिखाती नजर आ रही है। महिला वीडियो में व्यंग्यात्मक अंदाज में कहती है, 'मुस्कुराइए, आप काशी में हैं'।

महिला खुद को कैंट विधानसभा क्षेत्र में बताते हुए जलभराव की स्थिति दिखाती है। वीडियो में वह बारिश के बाद सड़क पर भरे पानी के बीच स्कूटी चलाते हुए इलाके की स्थिति बता रही है।

वीडियो में महिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र करती है और कहती है कि यह प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र कैंट विधानसभा क्षेत्र की स्थिति है। वह दावा करती है कि महज करीब 10 मिनट की बारिश के बाद इलाके में इस तरह पानी भर गया।