काशी विद्यापीठ में UG एडमिशन शुरू- अब घर बैठे भरें ऑनलाइन फॉर्म
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रवेश आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीदवारों को आवेदन से पहले प्रवेश विवरणिका ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।
प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन
प्रवेश सेल के उप-समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल के अनुसार, आवेदन से जुड़ी सभी जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह समझकर ही फॉर्म भरें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या से बचा जा सके।
विधि विभाग में प्री-पीएचडी प्रेजेंटेशन 4 मई को
विधि विभाग में सत्र 2022-23 के प्री-पीएचडी कोर्स वर्क के अंतर्गत शोध प्रस्ताव का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन 4 मई को आयोजित किया जाएगा। विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से विभाग में होगी।
BA LLB 10वें सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा भी 4 मई को
विधि विभाग में बी.ए. एल-एल.बी. (पांच वर्षीय) पाठ्यक्रम के 10वें सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा भी 4 मई को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होगी। विभागाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि छात्रों के लिए असाइनमेंट फाइल के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है, अन्यथा उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित तिथियों और निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
