Movie prime

UP Budget 2026 : वाराणसी और विंध्यवासिनी धाम को 100-100 करोड़ की सौगात, पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

 
UP Budget
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में काशी और विंध्यवासिनी देवी धाम को बड़ी सौगात दी है। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए वाराणसी और मिर्जापुर स्थित विंध्यवासिनी देवी धाम को 100-100 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव किया गया है। सरकार का मानना है कि इस निवेश से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

विंध्यवासिनी धाम में होगा व्यापक विकास

मिर्जापुर के विंध्याचल स्थित विंध्यवासिनी देवी धाम के लिए प्रस्तावित 100 करोड़ रुपये से श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और पर्यटन ढांचे का विकास किया जाएगा। इससे धार्मिक आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और स्थानीय कारोबार को भी गति मिलेगी।

इसके अलावा जनपद मिर्जापुर के त्रिकोणीय क्षेत्र, माँ विंध्यवासिनी मंदिर, माँ अष्टभुजा मंदिर और माँ काली खोह मंदिर के परिक्रमा पथ और जनसुविधा स्थलों के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।

काशी में घाटों और सुविधाओं का होगा उन्नयन

संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार के अनुसार, वाराणसी में प्रस्तावित 100 करोड़ रुपये से घाटों के आसपास सुविधाओं का उन्नयन, यातायात प्रबंधन, साइनेज सिस्टम, पर्यटन सूचना केंद्र, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। इससे काशी एक सुव्यवस्थित और आधुनिक पर्यटन नगरी के रूप में और मजबूत पहचान बनाएगी।

पर्यटन विकास से स्थानीय हस्तशिल्प, कारीगरों, गाइड, होटल व्यवसाय और परिवहन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण का गठन

काशी-विंध्य क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण का गठन भी किया गया है, जिसके अंतर्गत जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जैसे जिलों का समेकित और योजनाबद्ध विकास किया जाएगा। इससे पूर्वांचल क्षेत्र में संतुलित विकास की राह आसान होगी।

पर्यटन उद्योग ने जताया आभार

टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राहुल मेहता ने कहा कि सरकार का पर्यटन पर विशेष फोकस स्वागतयोग्य है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का आभार जताते हुए कहा कि एयर कनेक्टिविटी और हवाई पट्टी के निर्माण व विस्तार से भी पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।

वहीं टीएफजी टूर्स एंड ट्रैवल्स की निदेशक संध्या सिंह ने कहा कि काशी और विंध्यवासिनी धाम को अतिरिक्त बजट मिलने से पूर्वांचल का पर्यटन विश्व मानचित्र पर और तेजी से उभरेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

सरकार के इस बजट से यह स्पष्ट है कि धार्मिक पर्यटन को विकास का प्रमुख आधार बनाकर सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार सृजन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।