UP Collage Murder Case: वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन, एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज शुक्रवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। आपसी रंजिश के चलते बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूर्या की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद वाराणसी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की और महज एक घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रिंसिपल के सामने चली गोलियां, कैंपस बना रणक्षेत्र
घटना उस समय हुई जब कॉलेज के प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह दो छात्र गुटों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी छात्र मंजीत चौहान ने अपने साथी अनुज के साथ मिलकर सूर्या पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। सिर और शरीर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सूर्या को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए और हथियार झाड़ियों में फेंक दिए। घटना के बाद कैंपस में आक्रोश फैल गया और छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एडीसीपी नीतू काद्दयान का ‘ऑन द स्पॉट’ ऐलान
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ एडीसीपी नीतू काद्दयान मौके पर पहुंचीं। उग्र छात्रों और मीडिया के सामने उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अपराधी चाहे जहां भी छिपे हों, उन्हें एक घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद वाराणसी पुलिस की विशेष टीमों को तुरंत सक्रिय कर शहर की घेराबंदी कर दी गई।
वादे के मुताबिक गिरफ्त में आए आरोपी
पुलिस ने सटीक घेराबंदी और इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस उनसे अज्ञात स्थान पर पूछताछ कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
