UP पुलिस बहुत मारती है... वाराणसी में एनकाउंटर के बाद हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाए चांदी लूटकांड के आरोपी, VIDEO वायरल
वाराणसी। वाराणसी में 27 किलो चांदी लूटकांड के दो आरोपियों की पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है। घायल हालत में जब दोनों आरोपियों को पुलिस व्हीलचेयर पर पुलिस लाइन लेकर पहुंची तो मीडिया को देखकर वे हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। इस दौरान उन्होंने कहा, "यूपी में योगी की पुलिस बहुत मारती है, अब कभी उत्तर प्रदेश में अपराध नहीं करेंगे और न ही यहां आएंगे।" उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
16 जुलाई को हुई थी 27 किलो चांदी की लूट
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी के एक कर्मचारी से करीब 27 किलो चांदी लूट ली गई थी। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का सदस्य बताकर वारदात को अंजाम दिया था। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और एसओजी, क्राइम ब्रांच तथा सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया।

मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो आरोपी लंका थाना क्षेत्र से राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर निकलने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर दोनों आरोपी भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एसओजी प्रभारी गौरव सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैर में गोली मारकर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
4 किलो चांदी और हथियार बरामद
काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अली उर्फ शबीर हसन और मुशअल्लाह मध्य प्रदेश के निवासी हैं और दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 4 किलो चांदी, दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है।
वीडियो हुआ वायरल
पुलिस लाइन में मीडिया के सामने आरोपियों द्वारा हाथ जोड़कर माफी मांगने और भविष्य में अपराध न करने की बात कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो
