BHU अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हंगामा, सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल में रविवार को इमरजेंसी वार्ड के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब इलाज कराने पहुंचे एक युवक ने अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया। युवक का दावा है कि घटना का वीडियो बनाने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश की।
बताया जा रहा है कि युवक अपने परिजनों के साथ इलाज कराने के लिए सर सुंदरलाल अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि इमरजेंसी वार्ड के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश के दौरान उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गलत तरीके से पेश आए।
युवक के अनुसार, जब उसने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू किया तो सुरक्षाकर्मी नाराज हो गए। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने उसका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि, इस मामले में अभी तक BHU के सर सुंदरलाल अस्पताल या विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अस्पताल प्रशासन फिलहाल इस पूरे मामले पर टिप्पणी करने से बच रहा है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
