Movie prime

UPSC परीक्षा में पकड़ा गया ‘मुन्ना भाई’, कान में लगा रखा था इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

वाराणसी में UPSC EPFO परीक्षा के दौरान जौनपुर निवासी अभ्यर्थी विनोद कुमार यादव इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। कान के अंदर माइक्रो डिवाइस और जेब में इसका दूसरा पार्ट छिपाकर वह नकल करने की कोशिश कर रहा था। केंद्र प्रशासन ने उसे निष्कासित कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

 
मुन्ना भाई
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित EPFO प्रवर्तन अधिकारी, लेखा अधिकारी और सहायक भविष्य निधि आयुक्त परीक्षा में रविवार को एक बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ में आया। परीक्षा शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज के केंद्र पर एक अभ्यर्थी कान के अंदर छिपे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।

जनपद के 31 केंद्रों पर परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की गई थी। प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की एडमिट कार्ड, आधार और शारीरिक जांच की जा रही थी। इसके बावजूद आरोपी विनोद कुमार यादव, निवासी अजोसी (जौनपुर) किसी तरह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अंदर ले जाने में सफल हो गया। परीक्षा कक्ष में बार-बार कान और जेब को छूने पर कक्ष निरीक्षक को उस पर संदेह हुआ।

जांच में पता चला कि अभ्यर्थी ने कान के भीतर माइक्रो-साइज़ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर लगाया था, जबकि इसका दूसरा पार्ट उसने पैंट की जेब के कपड़े में चिपका रखा था। इसका उपयोग वह परीक्षा में अनुचित सहायता प्राप्त करने के लिए कर रहा था। आरोपी विनोद कुमार यादव वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय सुदनीपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है।

केंद्र प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से उसे परीक्षा से निष्कासित कर दिया और सूचना उच्च अधिकारियों सहित कैंट पुलिस को दी। पुलिस ने अभ्यर्थी को हिरासत में लेकर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।