UPTET 2026: वाराणसी के 68 केंद्रों पर पहले दिन हुई परीक्षा, डीएम ने CCTV से परखी व्यवस्थाएं
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन वाराणसी के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर सभी कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
पहले दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चली। जनपद के 68 परीक्षा केंद्रों पर कुल 33,139 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले सुधाकर महिला पीजी कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, अर्दली बाजार का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे जिले में परीक्षा की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है और अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के व्यापक इंतजामों और सतर्क निगरानी के बीच यूपीटीईटी-2026 के पहले दिन की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
