दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विकास परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा
Varanasi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। यहां से वह सर्किट हाउस रवाना हुए, जहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा संचालित निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की।
सांस्कृतिक संकुल में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन करेंगे तथा बृहद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ भी करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर जनसभा को संबोधित कर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर भी प्रकाश डालेंगे।
बाबा कालभैरव और काशी विश्वनाथ का करेंगे दर्शन
सांस्कृतिक संकुल के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री कालभैरव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वह श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करेंगे।
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के लिए सर्किट हाउस लौट जाएंगे।
BHU में नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग परियोजना का लेंगे जायजा
दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) पहुंचेंगे, जहां वह निर्माणाधीन नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री विज्ञान भारती द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह बीएचयू परिसर से हेलीकॉप्टर द्वारा आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।
