Movie prime

वडनगर से काशी बाइक यात्रा का भव्य समापन, पंकज चौधरी बोले- PM मोदी के नेतृत्व में बदली देश की तस्वीर

वाराणसी में ‘वडनगर-काशी’ मोटरसाइकिल यात्रा के सफल समापन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बदलती तस्वीर, बढ़ती वैश्विक साख और भारत के निवेश केंद्र के रूप में उभरने का उल्लेख किया। इस दौरान 10 रूट इंचार्ज सम्मानित किए गए।

 
वडनगर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी तक निकाली गई ‘वडनगर-काशी मोटरसाइकिल यात्रा’ का बुधवार को वाराणसी में भव्य समापन हुआ। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। इस दौरान 10 प्रमुख रूट इंचार्जों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वडनगर से काशी तक का सफर चुनौतीपूर्ण था। यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा को लेकर कुछ चिंताएं भी थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं के उत्साह, अनुशासन और संकल्प के सामने सभी बाधाएं आसान हो गईं। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस व निष्ठा की सराहना की।

‘मोदी के नेतृत्व में बदली देश की तस्वीर’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा मिलती है। उनके नेतृत्व में गुजरात को नई दिशा मिली और अब बीते 12 वर्षों में उनके विजन और दूरदर्शिता से देश की तस्वीर में भी बड़ा बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया के प्रमुख आकर्षण और निवेश केंद्रों में शामिल हो रहा है। वैश्विक स्तर पर देश की आर्थिक क्षमता के साथ-साथ भारत की संस्कृति और जीवन मूल्यों को भी सम्मान मिल रहा है।

गरीबों के उत्थान और सेना के सम्मान का किया जिक्र

पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की साख मजबूत हुई है। इसके साथ ही गरीबों के उत्थान, महापुरुषों के गौरव की पुनर्स्थापना और सीमाओं पर तैनात सेना के जवानों के सम्मान को बढ़ाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की सीमा में यात्रा के दौरान शामिल हुए सभी यात्रियों का स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश में किसी तरह की छोटी-मोटी असुविधा हुई हो तो उसके लिए वह क्षमा प्रार्थी हैं।

10 रूट इंचार्जों का सम्मान

समारोह में पंकज चौधरी ने यात्रा का नेतृत्व करने वाले 10 प्रमुख रूट इंचार्जों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। उन्हें अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में ध्रुविन भाई पटेल, नितिन सिंह बर्ड, श्रेयष भाई पटेल, कुलदीप बारोट, केतु पटेल, जयदेव सिंह सोलंकी, हर्पाल सिंह सिसौदिया, प्रतापभाल पिंडारिया, हिमांशु गोरानिया और कल्पेश अहीर शामिल रहे।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, यात्रियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।

भारत माता के जयकारों से गूंजा सभागार

समापन समारोह के दौरान संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का सभागार भारत माता के जयकारों और भाजपा कार्यकर्ताओं के नारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसे मौजूद कार्यकर्ताओं ने ध्यानपूर्वक सुना। संबोधन के दौरान कई बार सभागार में जयकारे लगाए गए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र राय समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।