वाराणसी : सिगरा इलाके के होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 5 युवतियां समेत 10 गिरफ्तार
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों, दो होटल संचालकों और तीन ग्राहकों सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मलदहिया स्थित सिंह अस्पताल के पास एक होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारा, जहां से कथित अनैतिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार पांच युवतियों में चार पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी शहर में हुई कई छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल की युवतियों के शामिल होने की बात सामने आई थी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवतियों, होटल संचालकों और ग्राहकों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर कथित सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
