वाराणसी: ज्ञानदीप स्कूल के हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरी 12 वर्षीय छात्रा, मौत
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी स्थित ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद छात्रा ने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान बिहार के सीवान जिले की रहने वाली स्नेहा मिश्रा के रूप में हुई है। वह कक्षा सात की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हॉस्टल की छत से एक बच्ची नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में छात्रा को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिहार के सीवान की रहने वाली थी छात्रा
मृतका स्नेहा मिश्रा बिहार के सीवान जिले के गोपालपुर रतनपुर थाना क्षेत्र के बैजरहा गांव की निवासी थी। उसके पिता का नाम तारकेश्वर मिश्रा बताया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। बताया जा रहा है कि स्नेहा हॉस्टल में दो अन्य छात्राओं के साथ रहती थी।
स्कूल प्रबंधक और वार्डन से पूछताछ
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर जांच शुरू कर दी। स्कूल के प्रबंधक त्रिभुवन सिंह और हॉस्टल की वार्डन प्रीति मिश्रा से पूछताछ की गई है। इसके साथ ही फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। डीसीपी काशी गौरव बसंवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्रा किन परिस्थितियों में पांचवीं मंजिल से नीचे गिरी।
