वाराणसी: 11वीं की 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां कक्षा 11 में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने घर में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों द्वारा तुरंत उसे दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता इलेक्ट्रीशियन हैं तथा मां एक निजी स्कूल में दाई का कार्य करती हैं। परिवार में तीन बेटियां हैं, मृतका दूसरी नंबर की बेटी थी। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई।
परिवार के अनुसार, सुबह पिता और माता दोनों काम पर चले गए थे। बड़ी बेटी कोचिंग गई हुई थी, जबकि छोटी बेटी दूसरे कमरे में थी। छोटी बेटी ने अपनी बहन को आवाज दी, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कूलर के लिए खुली खिड़की से झांकने पर उसने बहन को पंखे से लटकते हुए देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और मृतका को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिवार ने बताया कि छात्रा पढ़ाई में बहुत अच्छी थी और उसके व्यवहार में कोई असामान्य बदलाव नहीं दिखा था। ऐसे में आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने भी छात्रा की पढ़ाई को लेकर सराहना की और कारणों की जांच की मांग की है।
शिवपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव और आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्कूल-कॉलेज स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
